यह योजना अगस्त, 2019 में बोधि फाउंडेशन द्वारा संचालित बोधि रेजीडेंट्स में अध्ययनरत ऐसे छात्रों के लिए आरम्भ की गई जो अपना मेस खर्च एवं स्टेशनरी आदि का व्यय कर पाने की स्थिति में नहीं थे। यह छात्रवृत्ति ऐसे बोधि रेजीडेंट्स में अध्ययनरत छात्र के स्वयं के आवेदन पर फाउंडेशन की छात्रवृत्ति समिति द्वारा उक्त छात्र के निवास स्थान, घर एवं आर्थिक स्थिति का भौतिक सत्यापन करने के उपरांत स्वीकृत की जाती थी।
प्रथम छात्रवृत्ति समिति के प्रभारी नागराज बौध्द एवं सदस्य पवन कुमार, नन्दकिशोर जनागल एवं हरिराम सुडा थे। बोधि फाउंडेशन के छात्र हरिराम पुत्र राजा राम मोकलसर (सूरतगढ़) एवं मस्तानाराम पुत्र पूर्णराम, चौहिलावाली (हनुमानगढ़) को प्रथम छात्रवृत्ति प्रतिछात्र प्रतिमाह दो हजार रुपये उनके बोधि रेजीडेंट्स में अध्ययनरत रहने तक के लिए स्वीकृत की गई थी। यह छात्रवृत्ति होस्टल में निवासरत सभी छात्रों को देय सभी सुविधाओं के अतिरिक्त देय होती है।
वर्तमान में यह छात्रवृत्ति बोधि रेजीडेंट्स प्रवेश एवं छात्रवृत्ति नियम, 2024 द्वारा नियमन उपरांत, बोधि रेजीडेंट्स में प्रवेशित समस्त छात्रों के निवास स्थान, घर एवं आर्थिक स्थिति के भौतिक सत्यापन के उपरांत प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अतिजरूरतमंद छात्रों के लिए बोधि रेजीडेंट्स प्रवेश समिति द्वारा स्वीकृत की जाती है। अब इसके लिए किसी भी छात्र को अलग से आवेदन प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि बोधि रेजीडेंट्स में प्रवेशित प्रत्येक छात्र का भौतिक सत्यापन किया जाता है, ऐसे में इसी रिपोर्ट के आधार पर ऐसे छात्रों का चयन किया जाता है।
योजना के अंतर्गत प्रतिछात्र प्रतिमाह 1750 रुपये (अखरे एक हजार सात सौ पचास रुपये) छात्रवृत्ति देय है जिसे बोधि फाउंडेशन द्वारा मेस व्यय के हिसाब से निर्धारित किया जाता है। अभी तक इस योजना से कई विद्यार्थी अपने अध्ययन को सुचारू रख पाए एवं उनको अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में काफी सहयोग व साथ मिल पाया।