Welcome to Bodhi Foundation

Girls Scholarship

Image
Image
बोधि फाउंडेशन छात्रवृत्ति योजना

महिला छात्रवृत्ति योजना

बोधि फाउंडेशन द्वारा इस योजना की शुरुआत सन 2024 में की गई। इस योजनान्तर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद छात्राओं को किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सहायता प्रदान की जाती है। चयनित छात्राओं को सूरतगढ़ में रहकर ही किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करनी होती है। योजनान्तर्गत चयनित छात्राओं को मासिक 3500 रुपये छात्रवृत्ति उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।

(क) पात्रता

  1. अभ्यर्थी अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति समुदाय से हो।
  2. जिस प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहती है, उसके लिए आवश्यक समस्त शैक्षणिक-प्रशैक्षणिक योग्यताएं पूर्ण होना अनिवार्य है।
  3. अभ्यर्थी सूरतगढ़ (जिला-श्रीगंगानगर) में रहकर ही किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की इच्छुक हो।
  4. अभ्यर्थी राजस्थान की मूल निवासी हो।

(ख) आवेदन एवं चयन-प्रक्रिया

  1. आवेदन बोधि फाउंडेशन की वेबसाइट www.bodhifoundationraj.org पर समय-समय पर जारी की जाने वाली विज्ञप्ति अनुसार निर्धारित तिथियों तक ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाते हैं। अभ्यर्थी को बोधि फाउंडेशन की वेबसाइट लगातार विजिट करते रहना चाहिए।
  2. अभ्यर्थी को वांछित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति चयन हेतु गठित साक्षात्कार बोर्ड के सामने प्रस्तुत करनी होती हैं।
  3. साक्षात्कार की तिथि एवं स्थान तथा इसमें किसी भी प्रकार के परिवर्तन की सूचना उक्त वेबसाइट पर आवेदन विज्ञप्ति के साथ ही उपलब्ध करवा दी जाती है तथा ऐसी कोई भी सूचना व्यक्तिगत रूप से किसी भी अभ्यर्थी को अलग से नहीं दी जाती। अभ्यर्थियों को उक्त वेबसाइट नियमित विजिट करने की सलाह दी जाती है।
  4. उक्त छात्रवृत्ति हेतु चयन एक ’साक्षात्कार बोर्ड’ द्वारा प्रदत्त अंकों (कुल 50 अंक) एवं माध्यमिक/उच्च माध्यमिक/स्नातक कक्षाओं के अंकभार (कुल 50 अंक) के योग 100 अंकों में रिक्तियों के अनुसार प्राप्त वरीयता के आधार पर किया जाता है।
  5. चयन सम्बन्धी किसी भी अंतिम निर्णय के लिए बोधि रेजीडेंट्स प्रवेश समिति (बोधि फाउंडेशन) अधिकृत रहती है।

(घ) छात्रवृत्ति (चयन उपरांत)

  1. अभ्यर्थी को अंतिम चयन होने पर छात्रवृत्ति आरम्भ करने के समय 50 रुपये का नॉन ज्यूडिशियल शपथ पत्र देना होता है जिसमें आवेदन-पत्र में प्रस्तुत किसी भी तथ्य के मिथ्या नहीं होने एवं फाउंडेशन के नियमावली के अनुरूप होने का उल्लेख हो। (प्रारूप कार्यालय में उपलब्ध है एवं इस वेबसाइट के विद्यार्थी कोने में डाउनलोड में से प्राप्त करके काम में लिया जा सकता है।)
  2. अभ्यर्थी जिस कोचिंग संस्थान से तैयारी कर रही है, इसमें प्रवेश का प्रमाण/नियमित टेस्टों में प्राप्त अंकों की सूचना बोधि फाउंडेशन कार्यालय में जमा करवानी होती है।
  3. अभ्यर्थी जिस होस्टल/पीजी/किराए के भवन में रहते हुए अध्ययन करेगा, उसके मासिक खर्च/किराए का प्रमाण-पत्र एवं मकान मालिक द्वारा देय निवासरत रहने का प्रमाण पत्र मय किराएदार का उसके द्वारा स्वप्रमाणित पहचान दस्तावेज प्रतिलिपि प्रति माह दिनांक 25 से 30 तक बोधि फाउंडेशन कार्यालय को प्रस्तुत करना होता है। (प्रारूप कार्यालय में उपलब्ध है एवं इस वेबसाइट के विद्यार्थी कोने में डाउनलोड में से प्राप्त करके काम में लिया जा सकता है।)

(ङ) छात्रवृत्ति निरस्त किया जाना

  1. अभ्यर्थी को आवेदन करने से पूर्व बोधि फाउंडेशन द्वारा निर्धारित नियमावली/विज्ञप्ति का भलीभांति अध्ययन कर लेना चाहिए। उक्त नियमावली को छात्रवृत्ति आरम्भ करने से पूर्व हस्ताक्षरित करके प्रबंधक, बोधि फाउंडेशन को जमा करवाना होता है।
  2. चूंकि बोधि फाउंडेशन जरूरतमंद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके अध्ययन के लिए सहयोग करता है, ऐसे में इस छात्रवृत्ति हेतु चयनित करवाने के लिए किसी भी अभ्यर्थी द्वारा करवाई गई किसी भी प्रकार की सिफारिश की स्थिति में सम्बन्धित अभ्यर्थी को चयन की समुचित प्रक्रिया से आरम्भ से ही वंचित किया जा सकता है।
  3. किसी गलत तथ्य के आधार पर चयनित होने वाले अभ्यर्थी से बोधि फाउंडेशन द्वारा अभ्यर्थी को दी गई छात्रवृत्ति राशि का पुनर्भरण करवाया जा सकेगा।
  4. इस छात्रवृत्ति में चयनित किसी अभ्यर्थी की छात्रवृत्ति को निम्न में से किसी भी कारण से बोधि फाउंडेशन द्वारा किसी भी स्तर पर रोका जा सकता है:
    1. अभ्यर्थी के घर पर बोधि फाउंडेशन टीम द्वारा भौतिक सत्यापन के दौरान आवेदन पत्र से भिन्न तथ्य पाए जाने अथवा अभ्यर्थी के जरूरतमंद नहीं होने की स्थिति पाए जाने पर।
    2. प्रतियोगी परीक्षा, जिसकी तैयारी के लिए छात्रवृत्ति देय है, के किसी भी कोचिंग अथवा टेस्ट सीरीज, जिसका ब्यौरा अभ्यर्थी आरम्भ में प्रस्तुत करता है, में लगातार न्यून प्रगति होना।
    3. सूरतगढ़ की बजाय अन्य जगह पर अध्ययन के लिए चले जाना।
    4. समयबद्ध रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध न करवाना।
    5. सम्बन्धित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी बीच में छोड़ देने अथवा बिना अनुमति तैयारी का लक्ष्य परिवर्तित कर लेने पर।
    6. पारिवारिक आर्थिक सबलता प्राप्त होना।
    7. नियमित पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना।
    8. बोधि फाउंडेशन के निर्देशों एवं नियमावली की अवहेलना करने पर।
    9. निवास स्थान अथवा शिक्षण संस्थान/कोचिंग आदि में अनुशासनहीनता, संज्ञान में आने पर।
    10. छात्रवृत्ति अवधि पूर्ण होने पर अथवा जिस प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवेदन किया गया है, उसकी परीक्षा सम्पन्न होने पर।
    11. ऐसे कारण जिसे बोधि रेजीडेंट्स प्रवेश समिति आवश्यक समझे।
  5. बोधि रेजीडेंट्स प्रवेश समिति (बोधि फाउंडेशन) द्वारा इस छात्रवृत्ति को समय पूर्व बंद किया जा सकता है।

(च) बोधि फाउंडेशन द्वारा देय सुविधाएं

  1. चयनित छात्राओं का सूरतगढ़ में रहकर कम्पीटीशन की तैयारी करने के लिए प्रति माह प्रति छात्रा 3500/- (अक्षरे तीन हजार पांच सौ रुपये) छात्रवृत्ति देय होती है जो कि प्रतिमाह छात्रा द्वारा नियमानुसार दस्तावेज प्राप्त होने पर उसके बैंक खाते में ट्रांसेक्शन के माध्यम से प्राप्त होती है।
  2. उक्त छात्रवृत्ति प्रति वर्ष 30 मई अथवा लक्षित प्रतियोगी परीक्षा (जो भी पहले हो) तक के लिए देय होती है। अभ्यर्थी की संतोषप्रद प्रगति पाए जाने पर उसके प्रार्थना-पत्र के आधार पर इसे बोधि फाउंडेशन द्वारा बढ़ाया जा सकता है।